विष्णुदत्त ओझा की पुण्यतिथि पर पूर्वांचल का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर हुआ आयोजित
सीएम योगी के सबसे करीबी रहे विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी स्वर्गीय विष्णुदत्त ओझा की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आचार्य रामचंद्र शुक्ल लाइब्रेरी परिसर में पूर्वांचल के सबसे बड़े रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया,कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय विष्णुदत्त ओझा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, वक्ताओं ने उनके सामाजिक, राष्ट्रसेवा और संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा,उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है,शिविर में चिकित्सकों की टीम की निगरानी में रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और सभी आवश्यक मानकों का पालन करते हुए रक्त संग्रह किया गया
संयोजक नंदेश्वर दत्त ओझा ने बताया कि हर वर्ष स्वर्गीय विष्णुदत्त ओझा की पुण्यतिथि पर इस प्रकार के सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं,उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि इससे न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है,पूरे आयोजन के दौरान सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व का संदेश देखने को मिला।


