दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल: आज MMMUT और कल DDU के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल आज गुरुवार को दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगी। राज्यपाल गोरखपुर में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) और दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
आज 29 अगस्त को राज्यपाल सुबह 10:45 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी, जहां से वे सीधे MMMUT के दीक्षांत समारोह के लिए प्रस्थान करेंगी। इस समारोह का मुख्य आकर्षण ISRO के पूर्व साइंटिस्ट एस. नंबी नारायणन और टेक्निकल एजुकेशन के मंत्री आशीष पटेल की उपस्थिति रहेगी। समारोह का शुभारंभ 11:04 बजे शैक्षणिक शोभायात्रा से होगा, जिसके बाद बहु-उद्देश्यीय भवन में वंदे मातरम, पर्यावरण संरक्षण पर गीत, और विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
MMMUT के दीक्षांत समारोह में 19 छात्रों को 42 मेडल प्रदान किए जाएंगे। राज्यपाल 11:15 बजे दीक्षांत समारोह के आरंभ की घोषणा करेंगी और मंच से ही 20 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट भी वितरित करेंगी। इस दौरान, विश्वविद्यालय द्वारा अडॉप्ट किए गए गांवों के प्राथमिक और कंपोजिट स्कूलों के बच्चों के बीच हुई गतिविधियों के परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
राज्यपाल का प्रवास कुल 29 घंटे का होगा, जिसमें वे सबसे अधिक समय छात्रों के बीच बिताएंगी। वे टॉपर्स और अन्य छात्रों को पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगी। शुक्रवार को वे DDU के 43वें दीक्षांत समारोह में 55 छात्रों को 60 मेडल प्रदान करेंगी।
दोनों विश्वविद्यालयों ने समारोह के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। DDU की कुलपति प्रो. पुनम टंडन ने बताया कि इस बार का कान्वोकेशन पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त समाज के संदेश पर आधारित होगा। राज्यपाल DDU कैंपस में पौधरोपण भी करेंगी, जबकि MMMUT के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि समारोह को पूरी तरह प्लास्टिक फ्री थीम पर आयोजित किया जाएगा।
शुक्रवार की शाम 4 बजे राज्यपाल गोरखपुर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी।


