वैदिक यज्ञ द्वारा नव संवत्सर का हुआ शुभारम्भ
आर्य समाज नई बाजार, बस्ती द्वारा स्वामी दयानन्द पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुर्तीहट्टा बस्ती में वैदिक यज्ञ द्वारा नव संवत्सर का कार्यक्रम अत्यंत हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया जिसमें नव संवत्सर के वैदिक मंत्रों के साथ यज्ञ कराते हुए योग शिक्षक गरुण ध्वज पाण्डेय और उमेश चन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि नव संवत्सर केवल किसी वर्ग विशेष के लिए नया वर्ष नहीं है बल्कि पूरी सृष्टि के लिए है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से हमारा विक्रमी संवत बदलता है साथ ही सृष्टि संवत भी बदलता है। इस समय सम्वत 2081 विक्रमी और मानव सृष्टि का 1,96,08,53,125वां वर्ष है मानव सृष्टि के आरंभ के साथ ही हमें वेदों की प्राप्ति श्रुति के रूप में हुई इसलिए नव वर्ष पूरी सृष्टि के लिए है। बच्चों को सम्बोधित करते हुए ओम प्रकाश आर्य प्रधान आर्य समाज नई बाजार बस्ती ने बताया कि अंग्रेजी नव वर्ष पटाखे फोड़कर व नाचते गाते हुए मनाया जाता है जिससे अनेकानेक बीमारियाॅ पैदा होती है पर भारतीय नव वर्ष के अवसर पर वैदिक यज्ञ, प्रसाद वितरण व दान आदि किया जाता है जिससे पर्यावरण शुद्ध होता है, शरीर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और समाज में भाईचारा का विस्तार होता हैं। इस अवसर पर श्रीमती कामना पाण्डेय जिला प्रभारी महिला पतंजलि योग समिति बस्ती ने लोगों को योग के द्वारा रोगों को दूर करने की सलाह दी।प्रधानाध्यापक आदित्य नारायण गिरि ने कहा कि नव संवत का मूल आधार वेद है वैदिक गणित के अनुसार ग्रह नक्षत्रों की स्थिति व भौगोलिक घटनाओं का
ज्ञान होता है। इस अवसर पर वैदिक यज्ञ करना अत्यंत सौभाग्य का विषय है। इसे लोगों को जीवन में धारण करना चाहिए। कार्यक्रम में अनूप कुमार त्रिपाठी, दिनेश मौर्य, अरविन्द श्रीवास्तव ने अपने विचार रखते हुए भारतीय नव वर्ष के अवसर पर घर को सजाने, पकवान बनाने और अपने इष्ट मित्रों को बधाई देने की सलाह दी।कार्यक्रम में नितीश कुमार, उदयभान चौधरी,चंद्रप्रकाश चौधरी, संतोष पाण्डेय, अनीशा मिश्रा महक मिश्रा, साक्षी, श्रद्धा, आकृति द्विवेदी सहित विद्यालय के विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।